श्रेया ने 10 मीटर एयर राइफल में जीता गोल्ड, बनाया ये वर्ल्ड रिकॉर्ड

18 साल की श्रेया ने फाइनल में 252.5 अंक हासिल किए, जो वर्ल्ड रिकॉर्ड है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : भारतीय शूटर श्रेया अग्रवाल ने सोमवार को यहां एशियाई एयरगन चैम्पियनशिप में जूनियर वर्ग का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल जूनियर महिला वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। 18 साल की श्रेया ने फाइनल में 252.5 अंक हासिल किए, जो वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इस वर्ग में भारत की मेहुली घोष ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने 228.3 का स्कोर किया।जूनियर महिला 10 मीटर एयर राइफल का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब तक चीन की रुओझू झाओ के नाम था। रुओझू ने पिछले साल 22 अप्रैल को कोरिया में हुई वर्ल्ड चैम्पियनशिप में 252.4 का स्कोर किया था। श्रेया इस प्रतियोगिता में यशवर्धन के साथ मिलकर 10 मीटर एयर राइफल जूनियर मिक्स्ड टीम का स्वर्ण पदक पहले ही जीत चुकी हैं। उस इवेंट में मेहुली घोष और केवल प्रजापति की भारतीय जोड़ी रजत पदक जीतने में सफल रही थी।

कोरिया की पार्क हेजिन ने 250.6 अंक के साथ रजत पदक पक्का किया। इस इवेंट में भारत की एक अन्य शूटर रक्षणा कवि चक्रवर्ती ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था, लेकिन वे पदक जीतने में असफल रहीं। वे 205.9 का ही स्कोर कर पाईं। इस प्रतियोगिता में भारतीय निशानेबाज अब तक 12 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य पदक जीत चुके हैं।इससे पहले 10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष वर्ग के तीनों पदक भारतीय शूटर्स ने जीते। भारत के यशवर्धन ने 249.5 अंक के साथ स्वर्ण, जसवंतभाई केवल प्रजापति ने 247.3 अंक के साथ रजत और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 226.1 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। यशवर्धन और केवल का प्रतियोगिता में यह दूसरा पदक है।

Comments (0)
Add Comment