(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : मंडी। जिला के 13 युवकों में से उपमंडल सुंदरनगर के 4 युवकों की 2 महीने का समय जेल में बिताने के बाद वतन वापसी हो गई है। सुंदरनगर के मलोह निवासी देवेंद्र कुमार व ललित कुमार, जड़ोल के प्रेम सिंह और फागला मनोज कुमार के घर पहुंचने पर उनके परिवार ने राहत की सांस ली है। घर पहुंचे प्रेम सिंह व देवेंद्र कुमार ने कहा कि एजैंटों द्वारा उनसे 90 हजार रुपए लेकर टूरिस्ट वीजा पर सऊदी अरब भेज कर धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने कहा कि जेल में उनके बिताए हुए 2 महीने जीते जी नरक में जीने के बराबर थे। प्रेम सिंह ने कहा कि बंधक रविकांत की हालत बहुत खराब है और नाक से खून बह रहा है। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर के एजैंटों के माध्यम से सऊदी अरब गए 13 युवकों में से उनके सहित अब तक 7 ही वापस स्वदेश लौटे हैं जबकि 6 अभी भी वीजा समाप्त होने के बाद वहां की जेल में कैद हैं जबकि सुंदरनगर के गांव मलोह के एक अन्य युवक पवन को मालिक बिना उसकी इच्छा के जेल से छुड़ा कर अपने साथ वापस ले गया है। वहां फंसे सभी लोग स्वदेश लौटना चाहते हैं। वापिस लौटे युवकों ने प्रदेश व केंद्र सरकार से मांग की है कि सऊदी अरब में फंसे हुए अन्य हिमाचली युवाओं को भी जल्द स्वदेश लाने का इंतजाम किया जाए। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया है कि वे विदेश में रोजगार के लिए जाने से पहले जांच लें कि उन्हें भेजने वाले एजैंट पंजीकृत हैं या नहीं और उन्हें वर्क परमिट पर ही विदेश भेजा जा रहा है।