ऋण माफी सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कल से राजस्थान में किसान पद यात्रा निकालने जा रहे कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख सचिन पायलट ने कहा है कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में शासन के वैकल्पिक मॉडल के साथ उतरेगी. सचिन ने कहा, “भाजपा की छवि खराब है, केवल इस बलबूते पर हम सरकार बनाएंगे, यह हमारी मानसिकता नहीं है. हम एक बेहतर शासन मॉडल तैयार कर रहे हैं ताकि लोगों को अच्छा शासन मिल सके और वह भाजपा की कुरीतियों से परे हो. हम एक बेहतर वैकल्पिक मॉडल पेश कर रहे हैं ताकि लोगों को अच्छा शासन मिल सके. इसमें शिक्षा, श्रम, स्वच्छता, शहरी विकास आदि शामिल हैं.”
राजस्थान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने कहा है कि वह एक समिति गठित कर इस बात पर विचार करेगी कि 50 हजार रुपये तक के कृषि ऋण माफ किये जा सकते हैं या नहीं. राजस्थान में किसान आंदोलन कर रहे हैं और सरकार कह रही है कि कमेटी बनायेगी. बड़े उद्योगों के ऋण माफ करने के लिए तो कमेटी बनती नहीं है. “यह छलावा जो (मुख्यमंत्री) वसुंधरा दे रही हैं वह किसी के गले उतर नहीं रहा है.” उन्होंने कहा, “हम लोग तीन अक्टूबर से एक किसान न्याय पदयात्रा शुरू करेंगे. इसमें हजारों किसान बारां से 100 किलोमीटर की पदयात्रा कर झालावाड़ तक जायेंगे जो मुख्यमंत्री का निर्वाचन क्षेत्र है. हम सरकार को किसान ऋण माफी के लिए मजबूर करेंगे.”