सरकार को घेरेगी कांग्रेस , विपक्षी दलों साथ बना रही रणनीति

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :संसद के चालू सत्र में सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने मंगलवार को विपक्षी दलों के साथ मिलकर साझा रणनीति बनाई। एक तरफ जहां बुधवार को एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री की होने वाली बैठक में रुख पर विचार हुआ वहीं बिहार में बच्चों की मौत सहित जनता से जुड़े दूसरे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर चर्चा हुई है।

यूपीए अध्यक्ष और कांग्रेस पार्टी के संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्षी दलों के साथ हुई इस बैठक में लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी, एससीपी नेता सुप्रिया सुले, नेशनल कांफ्रेस के नेता फारूक अब्दुल्ला, सीपीआई नेता डी.राजा, डीएमके नेता कनिमोझी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रही।

इससे पहले सोनिया गांधी के आवास पर प्रधानमंत्री की ओर से 19 जून को एक राष्ट्र-एक चुनाव के मुद्दे पर बुलाई गई बैठक को लेकर भी चर्चा हुई। हालांकि पार्टी ने अभी इसे लेकर अपना रुख रूख सार्वजनिक नहीं किया है लेकिन सूत्रों की मानी जाए तो अधिकतर विपक्षी दलों की ओर से इसे गैर व्यवहारिक बताते हुए इसका विरोध किया जाएगा। पहले भी कांग्रेस समेत कई दल इसका विरोध जताते रहे हैं।

इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री की ओर से बुलाई गई बैठक में शिरकत न कर पाने की जानकारी दी है। संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। साथ ही कहा कि सरकार को जल्दबाजी में इस पर कोई फैसला लेने से पहले इस पर एक श्वेत पत्र तैयार कराना चाहिए। इससे पहले पर प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में बुलाई गई नीति आयोग की बैठक में आने से इंकार कर दिया था।

Comments (0)
Add Comment