गुवाहाटी: भारत में ईरान के राजदूत गोलमरेज अंसारी ने आशा जताई है कि दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण द्विपक्षीय और ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंधों के फलस्वरूप दोनों साथ मिलकर फिल्मों के क्षेत्र में भी काम करेंगे. अभी तक 2016 में बनी ‘सलाम मुंबई’ एकमात्र फिल्म है जिसे भारत और ईरान ने साथ मिलकर बनाया है. ईरान के गोरबन मोहम्मदपुर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दीया मिर्जा और ईरानी अभिनेता मोहम्मद रेजा गोलजार मुख्य भूमिकाओं में हैं.
पहले गुवाहाटी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान अंसारी ने कहा, ‘‘दोनों देशों के बीच तमाम समानताओं के बावजूद संयुक्त रूप से फिल्म निर्माण की क्षमताओं का पूर्ण दोहन नहीं हुआ है.’’ अंसारी ने कहा, ‘‘सरकारी और निजी.. दोनों क्षेत्रों को इस दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए. दोनों देशों के मौजूदा नियमों के तहत और ज्यादा संख्या में फिल्में बननी चाहिए.’’ उन्होंने बताया कि ईरान के प्रसिद्ध निर्देशक माजीद मजिदी फिलहाल भारत में विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं.
मजिदी भारत में अपनी पहली फिल्म ‘बियोंड द क्लाउड्स’ में शाहिद कपूर के छोटे भाई ईशान खट्टर और मालविका मोहनन के साथ काम कर रहे हैं.