(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : वाशिंगटन अमेरिका के सीक्रेट सर्विस के अनुसार, व्हाइट हाउस के पास सिक्योरिटी बैरियर में शुक्रवार को एक कार ने धक्का मार दिया जिसके तुरंत बाद ड्राइवर को गिरफ्तार कर व्हाइट हाउस को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया। सीक्रेट सर्विस ने ट्वीट कर इस घटना की पूरी जानकारी दी।
हालांकि लॉ इंफोर्समेंट का कहना है कि व्हाइट हाउस के पास सिक्योरिटी बैरियर से जानबूझकर कार ने टक्कर मारी। जबकि सीक्रेट सर्विस ने कहा, कार ने सुरक्षित कंपलेक्स में घुसपैठ की कोशिश नहीं की थी। इस घटना के बाद व्हाइट हाउस को बंद कर दिया गया जहां अभी हाल में ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष के साथ न्यूज कांफ्रेंस और वार्ता की थी।
सीक्रेट सर्विस ने बताया कि कार को महिला चालक ड्राइव कर रही थी जिसे तुरंत पकड़ लिया गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ हालांकि उस एरिया में ट्रैफिक रुट को बदल दिया गया। सूत्रों के अनुसार, सीक्रेट सर्विस कार के चालक को जानते हैं और उनके अनुसार महिला चालक को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ प्रॉब्लम हैं। ऐसा माना जा रहा है कि उसने जानबूझकर यह नहीं किया था।
सिक्योरिटी बैरियर से टकराने वाली सफेद रंग की कार का रियर विंडो टूट गया था। इस स्थान पर पहले भी कई घटनाएं हुई हैं, इसी में 2016 की भी एक घटना है जब एक शख्स हाथ में बंदूक लिए सिक्योरिटी चेकप्वाइंट पर पहुंचने की कोशिश कर रहा था लेकिन एजेंटों की गोलियों का शिकार हो गया।