(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने देश के पुलिस प्रमुख पी. जयसुंदरा और सुरक्षा सचिव एच.फर्नांडो से इस्तीफा देने का कहा है। राष्ट्रपति के करीबी अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को बताया कि यह निर्णय रविवार को हुए बम-धमाकों को सुरक्षा में भारी चूक मानते हुए लिया गया है। राष्ट्रपति ने मीटिंग के दौरान ही अधिकारियों को इस फैसले के बारे में बता दिया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सिरिसेना ने मंगलवार शाम कहा था कि अगले 24 घंटे में सुरक्षाबलों के प्रमुख बदल जाएंगे। अगले कुछ सप्ताह में पुलिस और सुरक्षाबलों को पूरी तरह से बदला जाएगा।श्रीलंका में चर्चों और होटलों को निशाना बनाकर किए गए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 359 पहुंच गई है। रक्षा मंत्री रुवन विजयवर्धने ने बताया कि इसमें 39 विदेशी हैं। 17 विदेशियों के शव पहचान कर उनके परिवारों के पास भेजे जा चुके हैं। देशभर से अब तक 60 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी बीच श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने माना है कि देश में हमलों की जानकारी का खुफिया इनपुट पहले से मौजूद था।श्रीलंका के सरकारी उपक्रमों के मंत्री लक्ष्मण किरिएल्ला ने सुरक्षा एजेंसियों पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कुछ शीर्ष खुफिया अधिकारियों ने भारत से मिली हमलों की खुफिया जानकारी जानबूझकर छिपाई। उन्होंने देश की सुरक्षा से जुड़े अफसरों पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।लक्ष्मण ने कहा, “भारतीय इंटेलिजेंस एजेंसियों ने 4 अप्रैल को चर्चों, होटलों और राजनेताओं पर आत्मघाती हमलों की चेतावनी दी थी। 7 अप्रैल को राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने सुरक्षा परिषद की बैठक भी की थी, लेकिन हमलों की जानकारी साझा नहीं की गई।” लक्ष्मण ने कहा कि सुरक्षा परिषद राजनीति से जुड़ गया है। इसकी जांच की जरूरत है।