सीरियल धमाकों के बाद श्रीलंकाई सरकार ने 200 इस्लामिक धर्मगुरुओं को दिया देश निकाला

गृह मंत्री वी. अबयवर्दना ने कहा, ‘‘इन तमाम धर्मगुरुओं ने देश में कानूनी रूप से ही प्रवेश लिया था। मगर धमाकों के बाद सख्त हुई सुरक्षा व्यवस्था में छानबीन के दौरान पता चला कि इनके वीजा की समयावधि समाप्त हो चुकी थी।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : ईस्टर के दिन हुए सिलसिलेवार धमाकों के बाद श्रीलंकाई सरकार ने 200 इस्लामिक धर्मगुरुओं समेत 600 विदेशियों को देश से बाहर निकाल दिया है। गृह मंत्री वी. अबयवर्दना ने कहा, ‘‘इन तमाम धर्मगुरुओं ने देश में कानूनी रूप से ही प्रवेश लिया था। मगर धमाकों के बाद सख्त हुई सुरक्षा व्यवस्था में छानबीन के दौरान पता चला कि इनके वीजा की समयावधि समाप्त हो चुकी थी। इसी वजह से उन पर जुर्माना लगाया गया। देश से बाहर निकाल दिया गया।’’ मंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन देशों के नागरिकों को देश से बाहर किया गया है। मगर पुलिस ने कहा है कि कई विदेशी यहां वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी रूके हुए थे। इनमें बांग्लादेश, भारत, मालदीव और पाकिस्तान के नागरिक शामिल हैं। मंत्री ने कहा- नए लोगों पर ध्यान देना होगा मंत्री अबयवर्दना ने कहा, ‘‘कुछ धार्मिक संस्थान हैं जो दशकों से विदेशी उपदेशकों को यहां बुलवा रहे हैं। हमें उनसे कोई दिक्कत भी नहीं हैं। मगर हाल ही में कुछ लोग एकाएक आए हैं जिन पर हमें ध्यान देना ही होगा।’’ रिपोर्ट के मुताबिक सरकार फिर से देश की वीजा पॉलिसी खंगाल रही है। सरकार को आशंका है कि कोई विदेशी धर्मगुरु किसी स्थानीय व्यक्ति को भड़काकर फिर से आत्मघाती हमले करवा सकता है।

Comments (0)
Add Comment