सुरक्षाबलों ने एक हफ्ते में किए 14 आतंकी ढेर !

सुरक्षाबलों ने वादी में पिछले एक हफ्ते में 14 आतंकियों को मार गिराया है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ)  : मतदान से पूर्व चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षाबलों ने अपने आतंकरोधी अभियान तेज कर दिए हैं। शुक्रवार को लालचौक से करीब 17 किलोमीटर दूर नौगाम में हुई मुठभेड़ में जैश के दो आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ में पांच जवान भी जख्मी भी हुए।सुरक्षाबलों ने वादी में पिछले एक हफ्ते में 14 आतंकियों को मार गिराया है। वहीं, कई आतंकी ठिकाने भी ध्वस्त किए हैं। आइजीपी कश्मीर डॉ. एसपी पानि ने बताया कि जैश-ए-मुहम्मद के आतंकियों के एक दल के सुटसु (नौगाम) में छिपे होने की सूचना गुरुवार रात को मिली थी।उस समय सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के एक संयुक्त कार्यदल ने घेराबंदी की। शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे जब जवानों ने आतंकियों के ठिकाने की तरफ बढ़ना शुरू किया तो वहां मौजूद आतंकियों ने ग्रेनेड दागे। इसके बाद करीब तीन घंटे चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को मार गिराया।आइजीपी ने बताया कि मारे गए दोनों आतंकी जैश-ए-मुहम्मद से संबंध रखते हैं। इनमें एक विदेशी कमांडर है। मारे गए आतंकियों के पास से अमेरिकी सेना द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली एम-4 राइफल के अलावा एक इनसास राइफल मिली है। वहीं, इस अभियान के दौरान एक पैरा कमांडो समेत पांच सैन्यकर्मी जख्मी हुए हैं। यह सभी सेना के 92 बेस अस्पताल में उपचाराधीन हैं। एक घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।सूत्रों की मानें तो गुरुवार रात शुरू हुए इस अभियान में पांच आतंकियों के छिपे होने की सूचना थी। माना जा रहा है कि तीन आतंकी बच निकलने में कामयाब रहे हैं। मारे गए दोनों आतंकी भी ठिकाना छोड़ चु़के थे और मकान के बाहरी हिस्से में फंस गए थे।

Comments (0)
Add Comment