सुरक्षाबलों ने पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड मुदस्सिर समेत 2 आतंकियों को मार गिराया

रविवार को अधिकारियों ने बताया था कि मुदस्सिर 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए फिदायीन हमले का मास्टरमाइंड था।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान जैश-ए-मोहम्मद दो आतंकियों को मार गिराया। सेना के सूत्रों के मुताबिक, इनमें से एक आतंकी मुदस्सिर अहमद खान उर्फ मोहम्मद भाई (23 साल) है। रविवार को अधिकारियों ने बताया था कि मुदस्सिर 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए फिदायीन हमले का मास्टरमाइंड था। उसी ने हमले के लिए गाड़ी और विस्फोटक जुटाया था।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिंगलिश इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने रविवार को तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान एक घर में छिपे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग की। सुरक्षाबलों ने देर रात घर को विस्फोट कर उड़ा दिया। सोमवार सुबह दोनों आतंकियों के शव मिले। उनके पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद हुआ।पुलवामा हमले की जांच कर रहे अधिकारियों के मुताबिक, मुदस्सिर ने ही फिदायीन हमले के लिए गाड़ी और विस्फोटक जुटाया था। 14 फरवरी को हमले से पहले वह लगातार फिदायीन आदिल अहमद डार के संपर्क में था। मुदस्सिर ग्रेजुएशन और इलेक्ट्रीशियन का डिप्लोमा कर चुका है। वह 2017 में अजहर मसूद के आतंकी संगठन जैश से जुड़ा था। माना जाता है कि वह फरवरी 2018 में आर्मी कैंप पर हुए हमले में भी शामिल था।

Comments (0)
Add Comment