सेंसेक्स 551 अंक चढ़ा, शेयर बाज़ार में आई तेज़ी

निफ्टी ने 188.20 प्वाइंट की तेजी के साथ 10,386.60 पर कारोबार खत्म किया

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ)  : शेयर बाजार बुधवार को अच्छी बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स की क्लोजिंग 550.92 अंक के उछाल के साथ 34,442.05 के स्तर पर हुई। निफ्टी ने 188.20 प्वाइंट की तेजी के साथ 10,386.60 पर कारोबार खत्म किया। दोनों इंडेक्स दिन के उच्चतम स्तरों के करीब बंद हुए। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 34,463.38 तक चढ़ा। निफ्टी ने 10,396 के स्तर तक पहुंचा था।एक्सिस बैंक, यस बैंक, एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में 4% तक उछाल आया। उधर, अडानी पोर्ट्स, कोटक बैंक, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल और हीरो मोटोकॉर्प के शेयरों में 3% तक गिरावट रही।शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई। लेकिन, तेजी गंवाकर दोनों इंडेक्स गिरावट में आ गए। सेंसेक्स 250 प्वाइंट लुढ़क गया। आरबीआई से विवाद पर सरकार के बयान जारी करने के बाद बाजार में तेजी आई। वित्त मंत्रालय ने कहा कि आरबीआई की स्वायत्तता जरूरी है। सरकार भी इसका सम्मान करती है। लेकिन इसे जनहित और इकोनॉमी की जरूरतों के हिसाब से काम करना चाहिए।डॉलर के मुकाबले रुपए में बुधवार को तेज गिरावट आई। इंट्रा-डे में यह 74 के नीचे फिसल गया। सरकार और रिजर्व बैंक के विवाद की वजह से रुपया मंगलवार को यह 23 पैसे कमजोर होकर 73.68 पर बंद हुआ था।

 

Comments (0)
Add Comment