स्विटजरलैंड में द्वितीय विश्व युद्ध का विंटेज विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त, 20 लोगों की मौत।

उड़ान भरने के 20 मिनट बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विमान अचानक 180 डिग्री घूम गया और पत्थर की तरह जमीन पर आ गिरा।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : स्विट्जरलैंड में शनिवार को द्वितीय विश्व युद्ध का एक विंटेज विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 17 यात्रियों समेत 20 लोगों के मारे जाने की आशंका है।  एटीएस न्यूज एजेंसी के अनुसार, 1939 में जर्मनी में बना जुन्कर जेयू52 एचबी-हॉट विमान जेयू एयरलाइन का हिस्सा था। यह कंपनी स्विट्जरलैंड की एयरफोर्स से जुड़ी हुई है। जुन्कर विमान में 17 यात्री और तीन क्रू सदस्य सवार थे। विमान पिज सेग्नास पहाड़ी पर जमीन से करीब 2500 मीटर ऊपर हादसे का शिकार हुआ। जर्मन भाषा के समाचार पत्र ब्लिक के मुताबिक, हादसे में किसी के भी बचने की उम्मीद नहीं है। विमान ने टिकिनो से ज्यूरिख के नजदीक ड्यूबेनडॉफ सैन्य एयरफील्ड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के 20 मिनट बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विमान अचानक 180 डिग्री घूम गया और पत्थर की तरह जमीन पर आ गिरा। धमाके साथ इसमें आग लग गई। पुलिस ने हादसे में मृतकों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी लेकिन बताया कि राहत और बचाव कार्य के लिए पांच हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। जेयू एयर ने अपनी वेबसाइट पर हादसे पर गहरा दुख जताया है और यात्रियों और क्रू सदस्यों के परिजनों, दोस्तों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी की विमान संचालन को निलंबित कर दिया गया है। जेयू-एयर ने बताया कि उसके बेड़े में चार जुन्कर विमान हैं। ये सभी 1939 के बने हुए हैं। इसके पायलट पूर्व सैन्य कर्मी और प्रोफेशनल पायलट हैं। इसकी वेबसाइट पर 1987 में हुए एक हादसा का भी जिक्र है। यह दुर्घटना जर्मनी के कोब्लेंज एयरपोर्ट पर हुई थी जिसमें कोई घायल नहीं हुआ था। स्विट्जरलैंड में शनिवार को ही एक पर्यटक विमान भी हादसाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार एक दंपती और दो बच्चों की मौत हो गई।

Comments (0)
Add Comment