हिमस्खलन की चपेट में आने से 2 शिकारियों की मौत

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। उतर कश्मीर में सीमावर्ती कुपवाडा जिला के लोलाब क्षेत्र के जंगलों में गत रात हिमस्खलन की चपेट में आने से दो शिकारियों की मौत हो गई। वहीं आज सुबह सेना की 18 राष्ट्रीय राइफल्स की एक बचाव टीम ने दोनो शिकारियों के शव बरामद कर लिए हैं। मृतकों की पहचान बशीर अहमद हजाम पुत्र मोहम्मद यूनिस और ममदीन हजाम पुत्र नजमदीन निवासी रिंग वारनाऊ के रूप में हुई है। आधुनिक उपकरणों से लेस सेना के जवानों ने बर्फ में दबे दोनों शिकारियों के शवों को ढूंढ निकाला। कुपवाड़ा के एसएसपी अंबकर श्रीराम दिनकर ने बताया कि दोनों शवों को सेना से ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार को रंग वारनाऊ के जंगलों में तीन स्थानीय शिकारी शिकार खेलने के लिए निकले थे। उनमें से एक ने देर शाम गांव पहुंचने पर पुलिस व स्थानीय प्रशासन को सूचित किया कि उसके दो अन्य साथी हिमस्खलन की चपेट में आ गए हैं। उसने उन्हें ढूंढने का प्रयास किया परंतु वह उसमें सफल नहीं हो पाया। उसने शंका जताई कि दोनों बर्फ के नीचे दब गए हैं। पुलिस व सेना के जवानों ने वीरवार सुबह दोनों शिकारियों की तलाश शुरू की। आधुनिक उपकरणों की मदद से दोनों शवों को ढूंढ निकाला गया। बता दें कि पिछले साल मार्च में लोलाब के दर्दपुरा इलाके में हिमस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई थी। उनके शव को छह दिनों के बाद बरामद किया गया। तीनों वहां शिकार करने के लिए गए थे। इसी बीच लद्दाख के खारदुंगला में गत सप्ताह शुक्रवार को हुए हिमस्खलन में लापता एक और श्रमिक का शव ढूंढ निकाला गया है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या नौ के करीब हो गई है। अभी भी एक श्रमिक लापता है। ये श्रमिक टिप्पर में सवार थे।

Comments (0)
Add Comment