हिमाचल: घर से काम के लिए निकले पलंबर पर तेंदुए का हमला, दहशत में लोग

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। जिले सुन्नी के साथ लगते पाहल में मंगलवार सुबह एक मादा तेंदुए ने लोक निर्माण विभाग में तैनात कर्मचारी पर हमला कर दिया। हमले में कर्मचारी लहूलुहान हो गया। घायल को उपचार के लिए डीडीयू अस्पताल लाया गया।  वन विभाग के अनुसार टभोग गांव का रहने वाला सुनील कुमार लोनिवि में पलंबर के तौर पर तैनात है। सुनील सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से काम के लिए निकला था। रास्ते में अचानक मादा तेंदुआ आ गई। दो तीन बच्चे साथ थे। सुनील को देखकर मादा तेंदुआ ने इस पर हमला कर दिया। पंजे के वार से सुनील के बाएं हाथ और बाजू पर खरोंचें आईं हैं। हमले में यह पहाड़ी से नीचे गिर गया। इसके सिर पर भी चोटें आईं हैं। तेंदुए के हमले से सहमा सुनील बेहोश हो गया। होश आया तब तक मादा तेंदुआ वहां से जा चुकी थी। सुनील घर पहुंचा और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। बाद में सुनील को डीडीयू अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद इसे घर भेज दिया है। मादा तेंदुए के हमले के बाद इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। वन विभाग का कहना है कि मादा तेंदुआ अभी बच्चों के साथ जंगल में घूम रही है। ऐसे में पिंजरा लगाकर इसे पकड़ा नहीं जा सकता। गांव के लोगों को अलर्ट रहने को कहा है। यदि जरूरत पड़ी और गांव के लोगों ने मांग रखी तो पिंजरा लगा दिया जाएगा। डीएफओ शिमला ग्रामीण सुशील राणा ने कहा कि मादा तेंदुए ने कर्मचारी पर हमला किया है। यह तेंदुआ अपने बच्चों के साथ जंगल में घूम रही है। इसलिए लोगों को एहतियात बरतने को कहा है।
Comments (0)
Add Comment