हिमाचल: पहले दिन हुआ था एक्सीडेंट, दूसरे दिन छात्र ने किया आत्मदाह !

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : हमीरपुर। जिले के मती टिहरा पंचायत के चौकी जबाला गांव में रहने वाले एक 15 साल के बच्चे ने खुद को आग लगाकर जला लिया। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि छात्र कक्षा 11 वीं में पढ़ता था। शनिवार को हुई इस घटना का पता तब चला जब सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने परिजनों को घर के ऊपरी मंजिल से धुआं निकलने की जानकारी दी। धुआं निकलने की बात सुन जब घर वाले कमरे तक पहुंचे तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया गया कि घरवालों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला तो पाया कि उनका बेटा बुरी तरह से झुलस गया है और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा बताया गया कि मृतक बच्चे के परिजनों से बातचीत की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को मृतक नाबालिग के स्कूल में फेयरवेल पार्टी थी और दिन के समय हमीरपुर शहर में बाईपास के पास एक एक्सीडेंट में इस छात्र को हल्की चोटें लगी थी, लेकिन इस बारे में भी बच्चे ने किसी को घर में नहीं बताया था। इसके बाद शनिवार को बच्चे ने अचानक सुसाइड कर लिया। एएसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है।

Comments (0)
Add Comment