(न्यूज़ लाइव नाऊ) बंजार: आनी उपमंडल की देवठी पंचायत के धार गांव में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे दो मकानों में आग लग गई, जिसमें 20 लाख के नुकसान का अंदाजा है। आगजनी में दो मंजिला मकान के 8 कमरे और साथ लगते एक मंजिला मकान के दो कमरे और एक रसोईघर सहित मकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आगजनी में गंगा राम, रोशन लाल और पुने राम आदि तीन भाइयों के परिवार बेघर हो गए हैं। पंचायत प्रधान निशा ठाकुर ने बताया कि जब आग लगी तो घर के सभी लोग खेतों में काम कर रहे थे। घरों से उठते धुएं से लोगों ने अंदाजा लगाया कि शायद खेतों में रखे पत्तों में आग लगाई गई होगी। लेकिन तभी आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग बेकाबू हो चुकी थी। हालांकि आनी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी बुलाया गया था। लेकिन सड़क के गांव से करीब 600 मीटर से ज्यादा दूर होने के चलते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी भी कुछ न कर सके। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन की ओर से तहसीलदर आनी डीएस नेगी सहित हल्का पटवारी उत्तम चंद और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। आनी प्रशासन की ओर से तहसीलदार डीएस नेगी ने बेघर गंगा राम को 15 हजार, रोहन लाल को ने 5 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है। इस घटना में रोशन लाल और गंगा राम का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। जबकि पुणे राम के परिवार की रिहाइश धरातल मंजिल में होने से उसका कुछ सामान बच गया और उसके ठहरने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था थी,जिसके चलते उसे फौरी राहत नहीं दी गयी है।