हिमाचल प्रदेश: गहरी खाई में गिरी आल्टो कार, 3 घायल

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर खुड़ीनाला के पास स्कार्पियो के साथ टक्कर में आल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुंदरनगर अस्पताल लाया गया। बीएसएल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे खुड़ीनाला के पास स्कार्पियो और आल्टो कार में टक्कर हो गई। टक्कर होने के बाद आल्टो कार (एचपी31बी/3919) करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार सवार चालक पंकज कुमार निवासी पौड़ा कोठी, महेंद्र कुमार और आनंद कुमार निवासी बाड़ा तहसील निहरी घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया और 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सुंदरनगर के नागरिक चिकित्सालय में भर्ती करवाया है। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है।

Comments (0)
Add Comment