(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : सीएम जयराम ठाकुर के गृहक्षेत्र सराज के लंबाथाच कॉलेज के विद्यार्थी शून्य के करीब तापमान में जमे कोहरे के बीच हाड़ कंपा देने वाली सर्दी में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। खड्ड के किनारे कॉलेज में सर्दियों में कक्षाएं लगाना किसी सजा से कम नहीं है।यहां धूप तक नहीं आती। विद्यार्थी सर्दियों की दोपहर में कॉलेज में बैठकर पढ़ नहीं सकते। वहीं प्रवक्ताओं को भी कक्षाएं लेना किसी चुनौती से कम नहीं। ठंड के प्रकोप से बचने के लिए विद्यार्थियों को मजबूरन दूर धूप वाले स्थानों पर सड़क किनारे पढ़ना पढ़ रहा है।कॉलेज में करीब चार सौ विद्यार्थी हैं। लंबाथाच कॉलेज का भवन भी आलीशान बना हुआ है। नवंबर, दिसंबर, जनवरी और फरवरी में आलीशान भवन किसी सजा से कम नहीं लगता।कॉलेज के विद्यार्थियों ने सर्दियों में कॉलेज को किसी अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट करने या सेंटर हिटिंग सिस्टम की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग सीएम जयराम ठाकुर से की है।वर्तमान में लंबाथाच कॉलेज में चार सौ के आसपास छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं और इस कॉलेज में लड़कियों की संख्या बहुत ज्यादा है। क्षेत्र में लंबाथाच कॉलेज के बाद गोहर या फिर सुंदरनगर और मंडी में ही कॉलेज है। ऐसे में खास कर लड़कियों के लिए यह कॉलेज उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए सार्थक भूमिका निभा रहा है।