हिमाचल प्रदेश: हमीरपुर में होली खेलने वाले एक छात्र को प्रोफ़ेसर ने मारा थप्पड़।

हमीरपुर डिग्री कॉलेज का मामला, प्रिंसिपल बोले, मामले की होगी पड़ताल।

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) हमीरपुर: डिग्री कॉलेज परिसर में होली के उत्सव में उस समय खलल पड़ गया, जब अचानक ही एक प्राध्यापक ने होली खेल रहे छात्र को थप्पड़ जड़ दिया। मामला इतना गरम हो गया कि छात्र को थप्पड़ मारने के बाद गुस्साए एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर धरना प्रदर्शन किया और प्राध्यापक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। जानकारी के अनुसार हमीरपुर के डिग्री कॉलेज में होली खेल रहे एक छात्र से प्राध्यापक द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इसी के चलते कॉलेज में एसएफआई ने धरना प्रदर्शन किया और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। एसएफआई कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की गुंडागर्दी कॉलेज में सहन नहीं की जाएगी। इसी बीच कॉलेज के प्राधानाचार्य हरदेव जम्बाल ने बताया कि आज एसएफआई द्वारा धरना दिया गया, जिसमें छात्रों को बातचीत के लिए बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि बातचीत कर छात्रों की समस्या का निदान किया जाएगा। एसएफआई के कैंपस प्रधान सन्तोष ने बताया कि कॉलेज में होली खेल रहे छात्र के साथ अध्यापक ने मारपीट की है, जिसके चलते आज धरना दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा ही चलता रहा तो एसएफआई कॉलेज का घेराव करेगी।

Comments (0)
Add Comment