(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। देश भर में शनिवार को मौसम साफ रहा। दिनभर प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में अच्छी धूप खिली और आसमान पूरी तरह साफ रहा। कई दिनों बाद मौसम के साफ रहने और धूप खिलने से प्रदेशवासियों ने कड़ाके की ठंड से भी हल्की राहत ली। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के अनुसार प्रदेश भर में आगामी 2 दिनों तक मौसम साफ रहेगा। इसके बाद प्रदेश भर में बारिश का दौर शुरू होगा। विभाग के अनुमान के मुताबिक 5 से 8 फरवरी तक बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार को लोगों को राहत मिली हो लेकिन प्रदेश के ऊंचे और मध्यम क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से प्रदेश भर में अभी भी जीवन अस्त-व्यस्त है। लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में बर्फबारी के कारण प्रभावित हुईं 416 सड़कें अभी बंद हैं, जिन्हें विभाग लगातार खोलने का प्रयास कर रहा है। सबसे अधिक सड़कें जिला मंडी में बंद हैं। मंडी के विभिन्न क्षेत्रों की 185 सड़कें बंद हैं। जिला शिमला की 137 सड़कें बंद हैं। इन सड़कों के बंद होने से एच.आर.टी.सी. के 300 से अधिक रूट बंद हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग को 87 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है।