(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। शिमला की रातें ऊना, मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा और सोलन से ज्यादा गरम हैं। सोमवार रात को शिमला का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि ऊना में 1.7, कांगड़ा में 2.4, हमीरपुर में 1.9, मंडी में 0.3 और सोलन में 0.5 न्यूनतम पारा रहा। केलांग सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान -8, मनाली में -6, कल्पा में -2.6, भुंतर में -0.8, कुफरी में शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 17 और 18 जनवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 19 से फिर मौसम बिगड़ेगा। 21 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम में 19 से बदलाव आएगा। मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। शिमला में अधिकतम तापमान 15.5, सुंदरनगर में 20.4, भुंतर में 16.6, धर्मशाला में 13.6, ऊना में 22.3, सोलन में 19.5, कांगड़ा में 20.7, बिलासपुर में 19.8, हमीरपुर में 19.5, चंबा में 18.5, डलहौजी में 11.7 और कल्पा में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बर्फबारी के बाद मंगलवार को 86 सड़कें अब भी बंद हैं। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग ने 32 सड़कों को खोल दिया है। लोक निर्माण विभाग के आंकड़ों के अनुसार शिमला जोन में 16, मंडी जोन में 43 और कांगड़ा जोन में 25 सड़कें बंद हैं।