(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के डलहौजी में हुई बर्फबारी एक ओर जहां पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में हैं। इस खून जमा देने वाली ठंड में डलहौजी उपमंडल की बाथरी पंचायत का एक दुल्हा बर्फबारी के दौरान करीब 10 किलोमीटर का सफर तय कर बारात लेकर अपनी दुल्हन को लेने पहुंच गया। दुल्हे को दुल्हन को घर लेकर लाते समय भी मौसम ने कोई मेहरबानी नहीं बरती। दूल्हे के साथ बारात में करीब 60—70 लोग शामिल थे, जिन्होंने हिम्मत न हारते हुए बर्फ से भरे रास्तों में शून्य से भी कम तापमान में घर तक का सफर पैदल पूरा किया। बाथरी पंचायत के गांव त्तला से संबंध रखने वाले दुल्हे अमोल की शादी का मुहूर्त शुक्रवार की देर रात का था और मुहूर्त के समय को यथावत रखने के लिए परिजनों ने इसी शुभ मुहूर्त में शादी करने का दमखम दिखाया। दूल्हे ने बारात संग बर्फबारी में 10 किलोमीटर पैदल चलकर लोहाली गांव में पहुंचकर शादी का शुभ लग्न पाकर विवाह की सभी रस्में पूरी की और दुल्हन स्वाति से शादी रचाई। बीते शनिवार की सुबह बाराती दुल्हे और दुल्हन को लेकर अपने गांव वापस पहुंचे। इस दौरान दुल्हे के साथियों ने बर्फ का खूब आनंद लिया और सेल्फी भी ली। हालाँकि बारातियों में शामिल बुजुर्गों को खासी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। दुल्हे संग शादी में पंहुचे बारातियों का कहना है कि वैसे तो सड़क मार्ग बहाल था लेकिन सड़क पर जमी बर्फ की परत पर फिसलन के कारण गाड़ी चलाना जोखिम भरा था, लेकिन समयनुसार शादी की रस्में पूरी हुई।