हिमाचल- सोलन : चार मंजिला इमारत ढही, 12 जवानों समेत 13 की मौत, बचाव अभियान जारी।

जिन 28 लोगों को बचाया गया उनमें 17 जवान और 11 आम लोग हैं।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कुमारहट्टी में रविवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में मृतकों की तादाद बढ़ती जा रही है। इस हादसे में अब तक सेना के 12 जवानों समेत 13 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। आशंका है कि अब भी एक जवान मलबे में फंसा हुआ है। बारिश के कारण यहां चार मंजिला इमारत ढह गई थी और पास में ढाबे के पास खाना खा रहे जवान इसकी चपेट में आ गए थे। उस वक्त मौके पर 37 लोग मौजूद थे, जिनमें 30 सैनिक भी थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिन 28 लोगों को बचाया गया उनमें 17 जवान और 11 आम लोग हैं। मृतकों में इमारत के मालिक की पत्नी अर्चना भी शामिल है। सैनिक खाना खाने के लिए यहां रुके थे और अनहोनी ऐसी हुई कि उसी वक्त इमारत जमींदोज हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह इमारत नाहन-कुमारहट्टी सड़क पर स्थित थी जो रविवार शाम की भारी बारिश के बाद गिर गई। इसमें एक रेस्त्रां भी था। लगातार भारी बारिश के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पंचकूला से नैशनल डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया है। जानकारी के मुताबिक, रास्ते से गुजर रहे सेना के जवान यहां खाना खाने के लिए रुके हुए थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ। बताया गया कि सेना के जवानों के साथ उनके परिवार के लोग भी थे। सोलन के डेप्युटी कमिश्नर केसी चमन ने बताया है कि सेना के करीब 17 जवानों और 11 नागरिकों को निकाल लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सेना के 12 जवानों सहित 13 लोगों का शव अब तक मलबे से बाहर निकाला गया है। सोलन उपमंडल के मैजिस्ट्रेट रोहित राठौर ने बताया कि कुछ और लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। मलबे में फंसे लोगों की वास्तविक संख्या का पता बचाव अभियान खत्म होने के बाद ही चलेगा। ऐसी उम्मीद है कि यह बचाव अभियान शाम तक समाप्त हो जाएगा।

Comments (0)
Add Comment