हिमाचल : 49वें पूर्ण राज्यत्व दिवस पर CM जयराम ने किया ध्वजारोहण, दी कई सौगातें

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला।हिमाचल प्रदेश में 49वां राज्यत्व दिवस मनाया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को पूर्ण राज्यत्व दिवस पर सोलन के कुनिहार में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर कर्मचारियों को आस थी कि सरकार उनके लिए कोई बड़ा ऐलान कर सकती है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उनको आस थी कि सीएम पुरानी पेंशन नीति को बहाल करेंगे। इसके अलावा पीटीए शिक्षकों को भी कुछ न कुछ मिलने की आस थी। कुनिहार के मंच से जयराम ने कोई भी राज्यस्तरीय घोषणा करने से परहेज किया। उन्होंने कुनिहार पुलिस चौकी का दर्जा बढ़ा कर उसे थाना बनाने और अर्की में एचआरटीसी का सब डिपो खोलने की घोषणा की। सीएम ने अपने भाषण में सरकार एक साल की उपलब्धियों का बखान किया और सरकार की योजनाओं को गिनाया। वहीं कुनिहार सीसे ब्वायज स्कूल को भी अटल आदर्श विद्यालय में शामिल किया गया। सीएम ने कहा कि ‘नई राहें, नई मंजिलें’ योजना के तहत पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के तहत 1000 रुपए के प्रीमियम पर सभी परिवारों के लिए हिमकेयर के अंतर्गत 5 लाख का हेल्थ कवर की सुविधा है। बता दें कि पहले सीएम का हवाई मार्ग से सोलन पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण वे सड़क मार्ग से ही सोलन के कुनिहार पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह के प्रांगण में पौधरोपण किया।

Comments (0)
Add Comment