क्रोएशिया के टेनिस खिलाड़ी मारिन सिलिक अब फाइनल मुकाबले में रविवार को रोजर फेडरर के सामने होंगे. सिलिक पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे हैं. सिलिक ने विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त ब्रिटेन के एंडी मरे को मात देने वाले अमेरिका के सैम क्वेरी को चार सेटों तक चले कड़े मुकाबले में परास्त कर फाइनल में प्रवेश किया है. सिलिक ने सैम को दो घंटे 56 मिनट तक चले मुकाबले में 6-7(6-8), 6-4, 7-6 (7-3), 7-5 से मात देते हुए दूसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है. इससे पहले, सिलिक 2014 में अमेरिकी ओपन के फाइनल में पहुंचे थे और जीत हासिल की थी. उनके नाम यही एक इकलौता ग्रैंड स्लैम खिताब है.