(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : वेल्स की रहने वाली एक 19 वर्षीय लड़की को महज 12 साल की उम्र में ही नशे की लत लग गई थी। हाल ऐसा था कि शराब, कोकीन और गांजे के बिना उसे एक दिन भी नींद नहीं आती थी। अब इसी लड़की को उसके बेहतरीन काम के लिए राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जा सकता है।लॉरी हॉकिन्स ने अपनी कहानी शेयर करते हुए बताया कि हर रोज सुबह उठते ही वो कोकीन का एक डोज लेती थी। फिर नहाने के बाद बाकी के डोज लेती थी। इसके अलावा शराब और गांजा तो जैसे उसकी जिंदगी का हिस्सा ही बन गए थे। लॉरी हॉकिन्स के मुताबिक, वो 13 साल की उम्र में गर्भवती भी हो गई थी। हालांकि बाद में उसका अबॉर्शन करा दिया गया। उसने बताया कि दुकान से शराब खरीदने के चक्कर में उसकी मुलाकात रॉबर्ट डेविस नाम के एक शख्स से हुई थी। नशे का फायदा उठाते हुए उसी ने लॉरी से संबंध बनाए थे। लॉरी ने बड़ी मुश्किल से ड्रग्स से पीछा छुड़ाया है। उसने पिछले 6 सालों से ड्रग्स को हाथ तक नहीं लगाया। लॉरी अब उन लड़कियों को ड्रग्स से पीछा छुड़ाने में मदद कर रही हैं, जो छोटी सी उम्र में ही ड्रग्स और शराब के दलदल में फंस चुकी हैं। लॉरी पुलिस की मदद तो कर ही रही हैं, साथ ही वो पुलिस अफसरों को गाइड भी कर रही हैं कि ड्रग्स और शराब के दलदल में फंसी लड़कियों के साथ कैसे पेश आया जाए। लॉरी की उनके काम के लिए देशभर में तारीफें हो रही हैं। यही वजह है कि उनका नाम सेंट डेविड अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। यह अवॉर्ड वेल्स का राष्ट्रीय अवॉर्ड है।