2 माह से दूरसंचार सेवाएं पूरी तरह से ठप भड़के लाहुलवासी

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। लाहुल-स्पीति में पिछले दो माह से दूरसंचार सेवाएं पूरी तरह से ठप होने को लेकर लाहुलवासी भड़क उठे हैं। बुधवार को लाहुल स्पीति का प्रतिनिधिमंडल जिला दूरसंचार प्रबंधक एलडी नेगी से मिला। किसान मंच के अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य सुदर्शन जस्पा ने लाहुल में बंद पड़ी दूरसंचार व्यवस्था को लेकर अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि दूरसंचार व्यवस्था बंद होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सर्दियों में बीएसएनएल के कर्मी बर्फबारी का हवाला देकर घाटी में दूरसंचार सेवाओं को बहाल नहीं करते। जबकि गर्मियों में भी हालात जस के तस रहते हैं। जस्पा ने कहा कि बीएसएनएल लाहुल घाटी में अपनी सुविधा देने में ढील बरत रहा है, जबकि अन्य विभाग के कर्मचारी गांव-गांव में जाकर बिजली व पानी की व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। घाटी में स्थानीय लोग भी बीएसएनएल के साथ मिलकर कार्य करने को तैयार हैं। लेकिन कर्मचारी बर्फबारी का बहाना बनाकर कार्य करने में कोताही बरत रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि टावर के लिए कुल्लू से जो भी मशीनरी भेजी जा रही है वह सब पुरानी है। जिस कारण भी दूरसंचार व्यवस्था प्रभावित हो रही है। प्रतिनिधिमंडल ने निगम को चेतावनी दी है कि सप्ताह के भीतर बीएसएनएल के बंद पड़े टावरों की दशा को नहीं सुधारा गया तो निगम को इसका खमियाजा भुगतना पड़ेगा।

टीडीएम कुल्लू एवं लाहुल स्पीति डीएल नेगी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मौसम के साफ होते ही घाटी में दूरसंचार सेवाओं को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल घाटी में हेलीकॉप्टर की सुचारू उड़ानों को लेकर उपायुक्त कुल्लू से भी मिला।

Comments (0)
Add Comment