200 किमी तक मार करने वाली मिसाइल ‘प्रनाश’ बढ़ाएगी सेना और वायुसेना की ताकत।

रक्षा अधिकारियों ने कहा, 'रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) 200 किलोमीटर तक मार करने वाली प्रनाश मिसाइल को विकसित कर रहा है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :   भारत  ‘प्रनाश’ नाम की एक उन्नत मिसाइल विकसित कर रहा है। इस मिसाइल से 200 किलोमीटर दूर तक निशाना साधा जा सकेगा। इस मिसाइल से सेना के साथ ही वायुसेना की ताकत में भी इजाफा होगा। रक्षा अधिकारियों ने कहा, ‘रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) 200 किलोमीटर तक मार करने वाली प्रनाश मिसाइल को विकसित कर रहा है। यह मिसाइल पारंपरिक वारहेड से लैस होगी।’ अधिकारियों के मुताबिक ‘प्रनाश’ मिसाइल 150 किलोमीटर तक मारक क्षमता वाली ‘प्रहार’ की उन्नत संस्करण है। प्रहार मिसाइल भी ठोस इंधन की सतह से सतह तक मार करने में सक्षम कम दूरी की सामरिक बैलिस्टिक मिसाइल है। डीआरडीओ ने ही इसे भी विकसित किया है। सतह से सतह तक मार करने में सक्षम ‘प्रनाश’ भी एकल चरण ठोस र्इंधन की बैलिस्टिक मिसाइल है। सेना और वायु सेना द्वारा इसका इस्तेमाल किया जाएगा। प्रनाश मिसाइल का प्रयोग किसी भी सामरिक और रणनीतिक लक्ष्यों को भेदने के लिए किया जा सकेगा। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि एक-दो वर्ष के भीतर इसका परीक्षण कर लिया जाएगा। नई मिसाइल से भारत की सामरिक क्षमता को मजबूत होगी ही। वह अपने मित्र राष्ट्रों को इसका निर्यात भी कर सकेगा, क्योंकि इसकी मारक क्षमता मिसाइल की बिक्री के लिए तय अंतरराष्ट्रीय मानकों के भीतर ही है। भारत ने अपनी सामरिक क्षमता में विस्तार करते हुए पिछले 20 जनवरी को शक्तिशाली के-4 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया था। आंध्र प्रदेश के समुद्री तट से दागी गई इस मिसाइल की रेंज 3,500 किलोमीटर है और यह पनडुब्बी से दुश्मन के ठिकानों को निशाना बनाने में सक्षम है। मिसाइल का परीक्षण दिन के समय समुद्र में पानी के भीतर बने प्लेटफॉर्म से किया गया। इसका विकास रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने ही किया। इसे अरिहंत श्रेणी की परमाणु क्षमता से संपन्न पनडुब्बियों में तैनात किया जाना है। परमाणु क्षमता से संपन्न पनडुब्बियों पर तैनाती से पहले भारत इस मिसाइल के अभी और परीक्षण करेगा।

Comments (0)
Add Comment