कोलंबो
विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर लगातार 8वां मैच जीतने के इरादे से संडे को उतरेगी। भारत 3 टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज के तीनों मैचों के अलावा 5 मैचों की वनडे सीरीज के 4 मैच अब तक जीत चुका है। आज वनडे सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच खेला जाना है जिसे जीतकर भारत सीरीज में श्रीलंका का सफाया करना चाहेगा।

पांचवें वनडे में जीत से भारत सीरीज को 5-0 से जीत लेगा जो उसकी श्रीलंका के खिलाफ 5-0 के अंतर से लगातार दूसरी द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत होगी। आखिरी बार दोनों टीमों का सामना नवंबर 2014 में हुआ था और तब श्रीलंकाई टीम 5-0 से हार गई थी। श्रीलंकाई टीम के हाथों से 2019 में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए अपने आप क्वॉलिफाई करने का मौका निकल गया क्योंकि टीम भारत के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में 2 मैच नहीं जीत सकी। अब उसके सामने अंतिम वनडे मैच जीत घरेलू फैंस के सामने सम्मान बचाने की चुनौती है।

एक भी 250 प्लस स्कोर नहीं

सीरीज में भारतीय टीम के दबदबे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सीरीज में अब तक श्रीलंका का सर्वोच्च टीम स्कोर 236/8 रहा है जो उसने दूसरे वनडे में बनाया। भारतीय टीम ने सीरीज के पहले 3 वनडे में टारगेट का पीछा किया जबकि चौथे वनडे में पहले बैटिंग की। चौथे वनडे में भारत ने 375/5 का स्कोर बनाकर श्रीलंका को 207 पर समेटा और 168 रन की विशाल जीत दर्ज की। पूरी सीरीज में श्रीलंकाई टीम बस एक मैच जीतने की स्थिति में पहुंचती दिखी थी जबकि अकिला धनंजया ने दूसरे वनडे मैच में 6 विकेट चटकाकर भारत का स्कोर 109-0 से 131-7 कर दिया था। हालांकि तब भारत एमएस धोनी और भुवनेश्वर कुमार के बीच आठवें विकेट के लिए हुई 100 रन की अटूट पार्टनरशिप की बदौलत मैच को 3 विकेट से जीतने में सफल रहा था।

Comments (0)
Add Comment