कानपुर पुलिस की अनोखी कहानी! फरार आरोपी को मिली सुरक्षा, रील बनाकर दिखा रहा रौब

(न्यूज़लाइवनाउ-UP) कानपुर का एक मामला इन दिनों सुर्खियों में है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि शहर में वांछित अपराधी अकील अहमद को लंबे समय तक पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई। यही नहीं, वह दो-तीन गनरों के साथ खुलेआम घूमता रहा और सोशल मीडिया पर रील बनाकर अपना रुतबा दिखाता रहा।

सोशल मीडिया पर गनरों के साथ आरोपी के कई वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। अकील अहमद पर कानपुर के विभिन्न थानों में रंगदारी, जान से मारने की धमकी और मारपीट जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। कुछ मामलों में वह अब भी फरार बताया जा रहा है। यहां तक कि उसके घर की कुर्की भी हो चुकी है।

पुलिस की भूमिका पर सवाल

हाल ही में कानपुर कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर पुलिस को उसे पेश करने का आदेश दिया था। चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस उसे पकड़कर जीप में थाने ले गई, लेकिन कुछ ही समय बाद उसे छोड़ भी दिया गया।

अकील अहमद के सोशल मीडिया अकाउंट पर कई ऐसे वीडियो मौजूद हैं, जिनमें वह पुलिस सुरक्षा के साथ लोगों से मिलते-जुलते, गाड़ियों में घूमते और अपना दबदबा दिखाते नजर आता है। ऐसे में सवाल उठता है कि एक फरार आरोपी को आखिर इतनी देर तक सुरक्षा कैसे मिलती रही?

इस पूरे मामले पर एडिशनल डीसीपी (LIU) ने सफाई देते हुए कहा कि आरोपी को पहले सुरक्षा प्रदान की गई थी, लेकिन तीन महीने पहले कमिश्नर के आदेश पर यह सुरक्षा हटा ली गई थी। उन्होंने बताया कि अकील एक बड़े मामले में गवाह था और उसे विटनेस प्रोटेक्शन स्कीम के तहत सुरक्षा दी गई थी। जैसे ही यह मामला दोबारा संज्ञान में आया, सुरक्षा फिर से हटा दी गई।

और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।

KanpurUP News