(न्यूज़लाइवनाउ-Bihar) तमिलनाडु के महाबलीपुरम से भगवान शिव का 33 फीट ऊंचा और लगभग 210 मीट्रिक टन वजनी भव्य शिवलिंग बिहार के पूर्वी चंपारण लाया जा रहा है।
तमिलनाडु के महाबलीपुरम से भगवान शिव का 33 फीट ऊंचा और लगभग 210 मीट्रिक टन वजनी भव्य शिवलिंग बिहार के पूर्वी चंपारण लाया जा रहा है। इस शिवलिंग को बनने में पूरे दस वर्ष लगे हैं और इसे बिहार में निर्माणाधीन विश्व के सबसे विशाल मंदिर—विराट रामायण मंदिर—में स्थापित किया जाएगा।
33 फीट ऊंचा शिवलिंग
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया क्षेत्र में विराट रामायण मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसी मंदिर में स्थापना के लिए तैयार किया गया यह विशाल शिवलिंग तमिलनाडु के महाबलीपुरम स्थित पट्टीकाडु गांव में तैयार हुआ है। यह 33 फीट ऊंचा शिवलिंग एक ही काले ग्रेनाइट पत्थर से तराशा गया है। सड़क मार्ग से इसे महाबलीपुरम से लगभग 100 चक्कों वाले भारी-भरकम ट्रक के जरिए बिहार लाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पटना से करीब 120 किलोमीटर दूर स्थित विराट रामायण मंदिर परिसर में इसकी स्थापना की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, शिवलिंग लेकर चल रहा ट्रक जबलपुर और नागपुर होते हुए एनएच-44 से गुजर रहा है। अनुमान है कि करीब 20 दिनों में यह बिहार पहुंच जाएगा। ट्रक की गति बेहद सीमित रखी गई है और इसे लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस शिवलिंग के निर्माण पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत आई है। नए साल में फरवरी तक इसे मंदिर परिसर में स्थापित करने की योजना है।
शिवलिंग की विशेषताएं
तमिलनाडु से बिहार लाए जा रहे इस शिवलिंग का वजन लगभग 210 मीट्रिक टन है। इसके मार्ग में पड़ने वाले कई राज्यों और शहरों में श्रद्धालुओं द्वारा इसका भव्य स्वागत किया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह देश में किसी भी मंदिर में स्थापित होने वाला अब तक का सबसे विशाल शिवलिंग होगा। विराट रामायण मंदिर तीन मंजिला संरचना वाला होगा, जिसमें काले ग्रेनाइट से बने इस विशाल शिवलिंग की प्रतिष्ठा की जाएगी।
महाबलीपुरम के पास चेन्नई क्षेत्र में करीब 250 टन वजनी ब्लैक ग्रेनाइट की चट्टान से मुख्य शिवलिंग के साथ सहस्रलिंगम का भी निर्माण किया गया है। बताया जाता है कि आठवीं शताब्दी के बाद भारत में सहस्रलिंगम का निर्माण नहीं हुआ था। यह शिवलिंग 33 फीट ऊंचा, 33 फीट गोलाई वाला और लगभग 200 टन वजनी है, जो रामेश्वरम की प्राचीन स्थापत्य शैली की झलक भी प्रस्तुत करेगा।
और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।