कोटा में राजधानी एक्सप्रेस में रविवार को अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया

(न्यूज़लाइवनाउ-Rajasthan) तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार को अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। हादसा कोटा रेल मंडल के अंतर्गत लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ, जहां ट्रेन के बी-1 एसी कोच से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं।

 बताया गया कि घटना उस समय हुई जब अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक धुआं फैलने और आग की सूचना मिलते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई। यात्री घबराकर अपनी सीटों से बाहर निकलने लगे और कई लोगों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाने की कोशिश की। रेलवे कर्मचारियों और स्टाफ ने तुरंत यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

 रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग बी-1 कोच में लगी थी। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह की जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। 

हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। रेलवे प्रशासन और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई और ट्रेन को आगे सुरक्षित तरीके से रवाना करने की तैयारी शुरू की गई। 

रेलवे विभाग ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा

accidentFireKotaRailRajdhani Express