देवर के प्यार में पागल महिला ने रचाया साजिश का खेल, पति को दी नींद की गोली, फिर मारा करंट

(न्यूज़लाइवनाउ-Delhi) दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। यह घटना तब उजागर हुई जब मृतक के छोटे भाई ने पुलिस से संपर्क कर मौत के पीछे संदेह जताया।

पुलिस के अनुसार, करण नामक व्यक्ति को 13 जुलाई को अचेत अवस्था में माता रूपरानी मग्गो अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने करंट लगने से उसकी मौत की पुष्टि की।

प्रेम प्रसंग से जन्मी खौफनाक साजिश

जांच में यह तथ्य सामने आया कि करण की पत्नी और उसका प्रेमी — जो कि करण का ही चचेरा भाई है — आपसी संबंधों में थे। दोनों ने मिलकर करण को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। महिला ने पति के खाने में भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिला दीं और जब वह बेसुध हो गया, तो उस पर बिजली का करंट लगाया गया।

हत्या के बाद, महिला ने अपने मायके वालों को सूचना दी कि करण की तबीयत खराब है और फिर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई।

चैट्स ने खोला राज

करण के भाई कुणाल ने जब अपने भाई की संदिग्ध मौत पर ध्यान दिया, तो उसने महिला और उसके प्रेमी की मोबाइल चैट खंगाली। इन चैट्स से साफ हुआ कि दोनों काफी समय से नजदीक थे और हत्या की पूरी योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने गूगल पर यह तक सर्च किया था कि नींद की गोलियों से कितनी देर में मौत होती है।

इतना ही नहीं, पुलिस ने बताया कि महिला ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसका पति आए दिन उसे अपशब्द कहता था, शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था और पैसे भी मांगता था। करवाचौथ के एक दिन पहले उसने उसे थप्पड़ भी मारा था, जिसके बाद उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना को अंजाम दिया।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। द्वारका के डीसीपी अंकित सिंह के अनुसार, प्रारंभिक सबूतों के आधार पर अभियोग दर्ज किया गया है और गिरफ्तारियां भी की जा रही हैं। फिलहाल विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Crime NewsdelhiDelhi PoliceMurder case