दिल्ली में AI समिट विरोध पर गरमा गई राजनीतिक बहस

(न्यूज़लाइवनाउ-Delhi) दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में भारतीय युवा कांग्रेस (युवा विंग) के कुछ कार्यकर्ताओं ने भारत–अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ तीव्र प्रदर्शन किया और अपनी टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाये. प्रदर्शनकारियों ने “पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड” जैसे नारे लगाए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर हलचल फैल गई. 

बीजेपी का तीखा प्रहार

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस प्रदर्शन को देश की स्वाभिमान के विरुद्ध और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को कलंकित करने वाला कृत्य बताया. पार्टी के महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली समेत कई राज्यों में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चाबंदी की और राहुल गांधी से माफी मांगने की माँग उठायी. दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों ने “देशद्रोही” लिखे पोस्टर दिखाये, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ और पुलिस को अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगानी पड़ी.

 बीजेपी के अनुसार इस तरह का अशिष्ट व्यवहार ऐसे आयोजन के लिए अपमानजनक है जिसमें दुनिया भर के तकनीकी विशेषज्ञ और विदेशी प्रतिनिधि शामिल हैं. पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि विरोध केवल राजनीतिक हितों के लिए किया गया, न कि देश के असली मुद्दों पर आधारित. 

बीजेपी के विरोध के चलते दिल्ली के अकबर रोड जैसी प्रमुख सड़कों पर बैरिकेड लगाकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गयी, और कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनातनी भी देखी गयी. बीजेपी अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी जैसे नेताओं ने भी इस मुद्दे पर तीखी टिप्पणियाँ कीं. 

AI SummitAI Summit 2026delhiPM Narendra Modi