पोलैंड नेता के वीडियो से बढ़ा विवाद, जेलेंस्की की तस्वीर कूड़ेदान में डालने पर छिड़ी बहस

  (न्यूज़लाइवनाउ-Poland) पोलैंड की राजनीति में सक्रिय और क्राकोव के मेयर पद की उम्मीदवार मरियाना श्राइबर अपने एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर वैश्विक स्तर पर चर्चा में आ गई हैं।

वायरल वीडियो में उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की एक तस्वीर, जिस पर हिटलर जैसी मूंछ बनाई गई थी, उठाकर कूड़ेदान में फेंक दी। इस घटना के बाद पोलैंड और यूक्रेन के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक मतभेद फिर सुर्खियों में आ गए।

युद्धकालीन इतिहास को लेकर साधा निशाना

वीडियो में श्राइबर ने कहा कि जिन व्यक्तियों या विचारों पर युद्ध अपराधियों का महिमामंडन करने के आरोप लगते हैं, उन्हें इतिहास के कूड़ेदान में ही जगह मिलनी चाहिए। उनका दावा था कि यूक्रेन आज भी ummm द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पोलिश नागरिकों के नरसंहार से जुड़े कुछ राष्ट्रवादी संगठनों और नेताओं का सम्मान करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन घटनाओं को लेकर यूक्रेन ने अब तक पोलैंड से औपचारिक रूप से माफी नहीं मांगी है।

यह वीडियो 11 जुलाई 1943 की चर्चित ‘ब्लडी संडे’ घटना की वर्षगांठ के मौके पर साझा किया गया। पोलैंड का कहना है कि उस समय वोल्हीनिया क्षेत्र में यूक्रेनी विद्रोही समूहों ने पोलिश बस्तियों पर बड़े पैमाने पर हमले किए थे। पोलिश पक्ष के अनुसार, 1943-44 के दौरान हुई हिंसा में करीब एक लाख पोलिश नागरिक मारे गए थे और वह इन घटनाओं को नरसंहार की संज्ञा देता है। हालांकि, इस पूरे ऐतिहासिक विवाद को लेकर पोलैंड और यूक्रेन के अलग-अलग दृष्टिकोण रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों ने श्राइबर के रुख का समर्थन किया और इसे ऐतिहासिक न्याय की मांग बताया, जबकि कई अन्य लोगों ने उनके कदम को उकसाने वाला और अनुचित करार दिया। इस विवाद ने एक बार फिर पोलैंड और यूक्रेन के बीच इतिहास से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और द्विपक्षीय संबंधों पर नई चर्चा छेड़ दी।

PolandZelansky