(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। रोहतांग दर्रा पर भारी बर्फबारी के चलते यातायात लगभग चार महीने के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। अब बीआरओ ने रोहतांग टनल के नॉर्थ पोर्टल की ओर से टनल का मुहाना बंद कर दिया है। नॉर्थ पोर्टल में गेट लगा दिया है। इससे घाटी के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि, आपातकालीन स्थिति और लाहौल के मरीजों को सुविधा मुहैया करवाने के मद्देनजर सरकार और प्रशासन ने बीआरओ तथा रोहतांग सुरंग निर्माण के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। कई बार आपात स्थिति में सुरंग से आवाजाही करने की इजाजत देने के बाद उन्हें घाटी से बाहर भी निकाला गया है। बीआरओ ने उपायुक्त लाहौल-स्पीति के माध्यम से 12 जनवरी से मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से भारी बर्फबारी की संभावना को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से नॉर्थ पोर्टल स्थित सुरंग के मुहाने को पूरी तरह से बंद कर दिया है। इससे पहले बीआरओ ने गुफा होटल के पास चंद्रा नदी पर बने बेली ब्रिज पर बिछाई प्लेटों को भी सुरक्षा के लिहाज से हटाया दिया है। इस पुुल से अब केवल पैदल आवाजाही हो सकती है। मौसम के मिजाज को देखकर कंपनी ने गुफा होटल के मुहाने को ढक दिया है। बीआरओ ने नॉर्थ पोर्टल की ओर से टनल का मुहाना बंद कर दिया है। इसके बाद लोगों को यहां से जबरदस्ती पार न करनेे की हिदायत दी है। यदि कोई भी व्यक्ति निर्देशों का उल्लंघन करता या फिर जबरदस्ती सुरंग के रास्ते से जाने की कोशिश करता है तो यह ठीक नहीं है।