दक्षिणी स्पेन में भीषण रेल हादसा, 39 की मौत; 70 से ज्यादा घायल

(न्यूज़लाइवनाउ-Spain) दक्षिणी स्पेन में एक भयावह रेल दुर्घटना सामने आई है। एक हाई-स्पीड ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद दो तेज रफ्तार ट्रेनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें अब तक कम से कम 39 लोगों की जान जाने की खबर है, जबकि 70 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। मौके पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

यह हादसा कॉर्डोबा प्रांत के आदमूज इलाके के पास हुआ, जिसके बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। जानकारी के अनुसार, मलागा से मैड्रिड जा रही एक ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई और विपरीत दिशा से आ रही दूसरी हाई-स्पीड ट्रेन से टकरा गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ट्रेनों में करीब 500 यात्री सवार थे।

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

स्पेन के रेलवे ऑपरेटर एडीआईएफ ने पुष्टि की है कि रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद यह भयानक टक्कर हुई। आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, इस दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कुछ यात्री अब भी डिब्बों के अंदर फंसे हो सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की पूरी संभावना है।

गार्डिया सिविल के 2 अधिकारियों ने एसोसिएटेड प्रेस को फोन और संदेश के जरिए मौतों की संख्या की पुष्टि की, हालांकि उन्होंने अपनी पहचान उजागर नहीं की।

यह टक्कर उस वक्त हुई जब शाम की ट्रेन पटरी से उतर गई और मैड्रिड से हुएलवा जा रही दूसरी ट्रेन से जा भिड़ी। अंडालूसिया की आपातकालीन एजेंसियों ने बताया कि राहत टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया और फंसे यात्रियों को निकालने का प्रयास जारी है। घायलों को इलाज के लिए छह अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, मैड्रिड के अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

हाई-स्पीड सेवाएं रोकी गईं

हादसे के बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच चलने वाली सभी हाई-स्पीड ट्रेन सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर रास्ते में चल रही ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों पर वापस भेज दिया है।

रेड क्रॉस ने कॉर्डोबा और जैन से कई एंबुलेंस घटनास्थल पर रवाना की हैं और यात्रियों के लिए जरूरी राहत सामग्री की व्यवस्था भी की है।

और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।

SpainTrain Accident