चंडीगढ़ में घर में घुसकर 2 छात्रों पर चलाईं गोलियां, एक की मौत

हाली की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे दो छात्रों के घर पर आकर रविवार रात दो युवकों ने गोलियां चला दीं। हमले में एक छात्र की मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से जख्मी है। उसका पीजीआई में इलाज चल रहा है। मृतक छात्र की पहचान अनुज वासी भिवानी और घायल छात्र की पहचान पवनीत के रूप में हुई है जो हिमाचल प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।

(एन एल एन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): मोहाली की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे दो छात्रों के घर पर आकर रविवार रात दो युवकों ने गोलियां चला दीं। हमले में एक छात्र की मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से जख्मी है। उसका पीजीआई में इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों विद्यार्थी सीयू में पढ़ते थे और गांव भागोमाजरा में पड़ती सरपंच कॉलोनी के एक घर में किराए पर रहते थे। रविवार रात वे कमरे में थे तभी अचानक दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर आए और उन्होंने दोनों से किसी बात को लेकर झगड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान युवकों ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से बचने के लिए युवकों ने खुद को छुपाने की कोशिश की लेकिन अनुज और पवनीत दोनों गोलियां लगने से घायल हो गए। इसके बाद हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। मृतक छात्र की पहचान अनुज वासी भिवानी और घायल छात्र की पहचान पवनीत के रूप में हुई है जो हिमाचल प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।

आसपास के लोग गोलियां चलने की आवाज सुनकर इकट्ठा हो गए। इसके बाद दोनों घायल छात्रों को सरकारी अस्पताल खरड़ ले गए। जहां डॉक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल पवनीत को प्राथमिक चिकित्सा के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारियों समेत डीएसपी रूपिंदर कौर सोही खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

#murdercrimepolice