हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू, इन मुद्दों पर फिर से हंगामे के आसार

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में पक्ष और विपक्ष की नोकझोंक हो सकती है। सत्र 11:00 बजे प्रश्नकाल से आरंभ होगा। एक घंटा प्रश्नकाल के बाद सदन में मुख्यमंत्री अनुपूरक बजट 2018-19 की अनुदान मांगों को चर्चा के लिए सभा पटल पर रखेंगे। इसके बाद अनुपूरक बजट पर वोटिंग होगी और अनुपूरक बजट पारित किया जाएगा । बजट सत्र का पहला दिन काफी शांतिप्रिय रहा लेकिन आज दूसरे दिन सदन में हंगामे के आसार हैं। राज्यपाल के अभिभाषण पर आज सदन में धन्यवाद प्रस्ताव और चर्चा की जाएगी। विपक्ष ने पहले ही राज्यपाल के अभिभाषण को सरकार की 1 साल की झूठी उपलब्धियों का पुलिंदा बताया है। जिसको लेकर विपक्ष सदन में सरकार को घेर सकता है। विपक्ष ने सरकार पर आरोप लगाया है कि राज्यपाल के अभिभाषण में जिन मुद्दों का जिक्र होना चाहिए था वह मुद्दे अभिभाषण से गायब थे। जिसको लेकर विपक्ष आज सदन में हंगामा कर सकता है। सदन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सिंचाई एवं जन संपर्क मंत्री महेंद्र सिंह और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज कुछ विधेयक भी सभा पटल पर रखेंगे। वहीं आज सदन की कार्यवाही के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। जिसमें 9 फरवरी को पेश होने वाले 2019-20 बजट को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएग । कैबिनेट में बजट भाषण को मंजूरी दी जाएगी और कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

Comments (0)
Add Comment