उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक भयावह सड़क दुर्घटना हुई। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के नजदीक यात्रियों से भरी एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई। इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की सूचना है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सभी यात्री गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले थे। गुरुवार सुबह वाहन हिना के पास से गंगोत्री की ओर रवाना हुआ था। इसी दौरान गंगनानी बाजार पार करने के बाद डबरानी की दिशा में आगे बढ़ते समय चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी और नदी के तेज बहाव में पहुंच गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भयावह स्थिति पैदा हो गई। बचाव अभियान के दौरान नदी के किनारे से पांच लोगों के शव निकाले गए। वहीं, कार में सवार बाकी दो यात्रियों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनकी खोज के लिए नदी के आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें सक्रिय हो गईं। सभी दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। नदी के किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर लापता यात्रियों की तलाश की जा रही है।
प्रशासन की ओर से दुर्घटना में प्रभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, बचाव दल की प्राथमिकता लापता दोनों यात्रियों का पता लगाना है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।