नई दिल्ली: अपना मकान लेने के लिए होम लोन लेने का प्लान कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए ही है. ICICI बैंक ने होम लोन की ब्याज दरों में 0.3 फीसदी तक की कटौती का ऐलान किया है. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने यह जानकारी दी. यहा बता दें कि आईसीआईसीआई बैंक ने यह कटौती अफोर्डेबल हाउसिंग के तहत दी है और इसी लिए यह कटौती 30 लाख रुपये तक के होम लोन के लिए दी जा रही है.
आईसीआईसीआई बैंक ने एक बयान में कहा है कि उसने सस्ते मकानों को बढ़ावा देने के प्रयास के तहत 30 लाख रुपये तक के आवास ऋण की ब्याज दर में 0.30 प्रतिशत तक की कटौती की है. बैंक का कहना है कि इस कटौती के बाद वेतनभोगी ग्राहकों के लिए उसकी ब्याज दर देश में सबसे निम्न दरों में से एक हो गई हैं. इसके तहत वेतनभोगी महिला ग्राहकों के लिए आवास ऋण की ब्याज दर 8.30 प्रतिशत जबकि अन्य ग्राहकों के लिए 8.40 प्रतिशत रहेगी. उल्लेखनीय है कि एसबीआई ने पिछले सप्ताह अपने सस्ते मकान के आवास ऋण की ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत तक की कटौती की थी. बैंक नई महिला ग्राहकों के लिए 8.35 प्रतिशत की दर पर कर्ज दे रहा है.
आईसीआईसीआई बैंक का कहना है कि सस्ते आवास खंड में ऋण लेने वाले ग्राहकों के पास यह विकल्प होगा कि वह किस तरह की ब्याज दर चाहते हैं. दोनों ही मामलों में ब्याज दर में कटौती पिछली दरों की तुलना में 0.30 प्रतिशत तक रहेगी.
बैंक ने कहा है, ‘इसके साथ ही कर्ज लेने वाले अपने आवास ऋण को कोष की सीमांत लागत (एमसीएलआर-6 माह व एमसीएलआर-1 साल) से जोड़ सकते हैं. ग्राहकों को इस तरह की सुविधा देने वाला यह पहला बैंक है. नये ग्राहकों के लिए घटी हुई दर 15 मई 2017 से लागू होगी.’