भारत का एडिलेड में 17 साल से चला आ रहा विजय क्रम टूटा, रोहित की मेहनत बेकार

(न्यूज़लाइवनाउ-India) ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दो विकेट से मात देकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली। गुरुवार को एडिलेड ओवल में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 50 ओवर में नौ विकेट पर 264 रन बनाए। जवाब में कंगारू टीम ने 46.2 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

एडिलेड में 17 साल बाद भारत की जीत की लय टूटी

इस हार के साथ भारत का एडिलेड में चला आ रहा 17 साल पुराना जीत का सिलसिला थम गया। टीम इंडिया को इस मैदान पर पिछली बार फरवरी 2008 में 50 रन से हार झेलनी पड़ी थी। उसके बाद से भारत ने इस ग्राउंड पर लगातार जीत दर्ज की थी। करीब छह साल बाद भारत एक बार फिर एडिलेड में वनडे खेलने उतरा, लेकिन इस बार किस्मत साथ नहीं दे सकी।

265 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत साधारण रही। उसने 54 रन के भीतर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद मैथ्यू शॉर्ट ने पारी को संभालते हुए अर्धशतक जमाया और मैट रेनशॉ के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। हालांकि, भारत ने रेनशॉ और एलेक्स कैरी को जल्दी आउट कर वापसी करने की कोशिश की।

हर्षित राणा ने शॉर्ट को भी चलता किया, लेकिन कोनोली ने मोर्चा संभालते हुए अंत तक टिककर टीम को जीत दिलाई। भारत ने आखिरी ओवरों में कुछ विकेट जरूर झटके, पर तब तक ऑस्ट्रेलिया जीत के बेहद करीब पहुंच चुका था।

ऑस्ट्रेलिया के लिए शॉर्ट ने सर्वाधिक 74 रन बनाए, जबकि कोनोली 61 रन बनाकर नाबाद लौटे। मिचेल ओवन ने 36, रेनशॉ ने 30, ट्रेविस हेड ने 28, मिचेल मार्श ने 11, एलेक्स कैरी ने 9, स्टार्क ने 4 और बार्टलेट ने 3 रन जोड़े।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और वाशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। भारतीय पारी की शुरुआत कमजोर रही — जेवियर बार्टलेट ने कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली को जल्द ही पवेलियन भेज दिया। कोहली लगातार दूसरे मैच में खाता खोले बिना आउट हुए।

रोहित शर्मा (73) और श्रेयस अय्यर (61) ने तीसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद मध्यक्रम लड़खड़ा गया। अक्षर पटेल (44) ने कुछ समय तक मोर्चा संभाला, वहीं हर्षित राणा (24*) और अर्शदीप सिंह (13) ने आखिरी में उपयोगी रन जोड़े जिससे भारत 260 के पार पहुंचा।

अन्य बल्लेबाजों में वाशिंगटन सुंदर ने 12, केएल राहुल ने 11, गिल ने 9 और नीतीश रेड्डी ने 8 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जांपा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 4 विकेट झटके, जबकि बार्टलेट को 3 और स्टार्क को 2 विकेट मिले।

AustraliaCricket newsIndia Cricket TeamSports