INDvsSL: ड्रॉ हुआ तीसरा टेस्ट, लगातार 9वीं टेस्ट सीरीज जीता भारत

धनंजय डी सिल्वा (नाबाद 119) और पहला मैच खेल रहे रोशेन सिल्वा (नाबाद 70) की शानदार संघर्षपूर्ण पारियों के दम पर श्रीलंकाई टीम बुधवार को भारत के खिलाफ फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले गए तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच को ड्रॉ कराने में सफल रही। भारत ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की। कोलकाता में खेला गया पहला मैच ड्रॉ हुआ था, जबकि नागपुर में खेले गए दूसरे मैच में भारत ने जीत हासिल की थी।




भारत ने अपनी पहली पारी सात विकेट के नुकसान पर 536 रनों पर घोषित करते हुए श्रीलंका को उसकी पहली पारी में 373 रनों पर सीमित कर दिया था। भारत ने इसके बाद अपनी दूसरी पारी पांच विकेट के नुकसान पर 246 रनों पर घोषित करते हुए श्रीलंका के सामने 410 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था।

श्रीलंकाई टीम आखिरी दिन 95.5 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाकर मैच ड्रॉ कराने में सफल रही। भारत की तरफ से जडेजा ने तीन विकेट लिए, जबकि अश्विन और मोहम्मद शमी को एक-एक विकेट मिला। भारत की तरफ से पहली पारी में कप्तान विराट कोहली ने 243, मुरली विजय ने 155 और रोहित शर्मा ने 65 रनों की पारियां खेली थीं। वहीं श्रीलंका की तरफ से पहली पारी में एंजेलो मैथ्यूज ने 111 और चंडीमल ने 164 रन बनाए थे। भारत की तरफ से दूसरी पारी में शिखर धवन के 67 रनों के अलावा कोहली और रोहित ने 50-50 रन बनाए थे। चेतेश्वर पुजारा ने 49 रन बनाए थे।

दूसरी पारी में श्रीलंका के विकेट्स



श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और उसने 14 रनों के स्कोर पर सदिरा समरविक्रमा (5) के रूप में अपना पहला विकेट खोया. मोहम्मद शमी की शानदार बाउंसर उनके दस्तानों को छूकर स्लिप में खड़े अंजिक्य रहाणे के हाथों में जा समाई. दिमुथ करुणारत्ने को रवींद्र जडेजा ने विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया. जडेजा ने तीन गेंद बाद सुरंगा लकमल को बोल्ड कर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया. पिछली पारी में 111 रन बनाने वाले एंजेलो मैथ्यूज को जडेजा ने स्लिप में अंजिक्य रहाणे के हाथों कैच करा कर चौथा झटका दिया. पांचवें विकेट के रूप में कप्तान दिनेश चांडीमल (36) आउट हुए, जिन्हें रविचंद्रन अश्विन ने बोल्ड कर दिया.

246 रनों पर भारत ने घोषित की दूसरी पारी

भारत ने अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 246 रनों पर घोषित कर दी. दूसरी पारी में भारत के लिए शिखर धवन ने 67 रन बनाए, जबकि चेतेश्वर पुजारा ने 49 रनों की पारी खेली. इसके अलावा कप्तान विराट कोहली ने 50 रन बनाए. कोहली तीन सीरीज में 600 से अधिक रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं. भारत ने रोहित शर्मा का अर्धशतक पूरा होते ही अपनी पारी घोषित की. रोहित ने 49 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 50 रन बनाए. रवींद्र जडेजा पांच रनों पर नाबाद रहे.

पहली पारी में 373 रनों पर सिमटी श्रीलंका

पहली पारी में श्रीलंका की टीम 373 रन पर ऑल आउट हो गई. श्रीलंका की ओर से कप्तान दिनेश चांडीमल ने सबसे ज्यादा 164 रन बनाए. यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है. चांडीमल ने तीसरे दिन का अंत 147 रनों के साथ किया था. उन्होंने चौथे दिन 130.4 ओवर में मोहम्मद शमी की गेंद पर एक रन लेकर अपने 150 रन पूरे किए. चांडीमल ने अपनी पारी में 361 गेंदों पर 21 चौके और एक छक्का लगाया.

जानिए, टेस्ट क्रिकेट में लगातार सीरीज जीत के रिकॉर्ड का क्रम

-भारत- 9 (2015- 2017)

-ऑस्ट्रेलिया -9 (2005/06-2008)

-इंग्लैंड -8 (1884-1892)

-ऑस्ट्रेलिया -7 (1945/46-1951/52)

-ऑस्ट्रेलिया -7 (1956/57-1961)

-वेस्टइंडीज-7 (1982/83-1985/86)

-ऑस्ट्रेलिया- 7 (2001/02-2003/04)

भारत ने आखिरी बार 2014-15 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज गंवाई थी.उसके बाद से भारत की यह 10 वीं टेस्ट सीरीज रही. जिनमें से बांग्लादेश के खिलाफ एक ड्रॉ के बाद टीम इंडिया लगातार 9 सीरीज जीती. भारत के सीरीज जीत का सफर 2015 में शुरू हुआ था, जब विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने श्रीलंका को उसी की धरती पर 2-1 से मात दी थी.

आंकड़ों में भारत की लगातार सीरीज फतह

1. 2015: श्रीलंका को 2-1 से हराया, 3 मैचों की सीरीज

2. 2015-16 :द. अफ्रीका को 3-0 से हराया, 4 मैचों की सीरीज

3. 2016: वेस्टइंडीज को 2-0 से हराया, 4 मैचों की सीरीज

4. 2016-17: न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया, 3 मैचों की सीरीज

5. 2016-17: इंग्लैंड को 4-0 से हराया, 5 मैचों की सीरीज

6. 2016-17: बांग्लादेश को 1-0 से हराया, 1 मैच की सीरीज

7. 2016-17: ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया, 4 मैचों की सीरीज

8. 2017: श्रीलंका को 3-0 से हराया, 3 मैचों की सीरीज

9. 2017-18 : श्रीलंका को 1-0 से हराया, 3 मैचों की सीरीज

टेस्ट की नंबर-1 टीम का अपने घर में दबदबा, 26 में 20 टेस्ट जीते

दुनिया की नंबर एक टीम भारत के स्वदेश में दबदबे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 2012-13 में इंग्लैंड के खिलाफ चार मैचों की सीरीज 2-1 से गंवाने के बाद से वह अपनी मेजबानी में लगातार 8 सीरीज जीत चुका है. टीम इंडिया ने इस दौरान 26 मैचों में से 20 में जीत दर्ज की, जबकि एकमात्र मैच उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गंवाया.

Comments (0)
Add Comment