इसरो ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, करीब 6100 किलोग्राम वजनी संचार उपग्रह को सफलतापूर्वक स्थापित किया

(न्यूज़लाइवनाउ-India) इसरो ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। करीब 6100 किलोग्राम वजनी संचार उपग्रह को मात्र 16 मिनट में सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित कर दिया गया।

इसरो ने साल के अपने अंतिम मिशन के जरिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। भारत से अब तक का सबसे विशाल और सबसे भारी संचार उपग्रह ‘ब्लूबर्ड ब्लॉक-2’ सफलतापूर्वक पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित कर दिया गया है। यह उपग्रह एक अमेरिकी कंपनी का है, जिसके जरिए मोबाइल नेटवर्क सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। इस मिशन की सफलता से अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक अंतरिक्ष बाजार में इसरो की स्थिति और मजबूत हुई है।

सिर्फ 16 मिनट में 6100 किलोग्राम का संचार उपग्रह कक्षा में पहुंचाया गया

यह प्रक्षेपण आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सुबह 8:55 बजे सफलतापूर्वक किया गया। इसरो के अनुसार, उड़ान के लगभग 16 मिनट बाद संचार उपग्रह रॉकेट से अलग होकर करीब 520 किलोमीटर की ऊंचाई पर पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित हो गया। यह अभियान न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) और अमेरिका की एएसटी स्पेसमोबाइल (AST & Science, LLC) के बीच हुए व्यावसायिक करार के तहत अंजाम दिया गया।

और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।

Communication SatelliteISROPM Narendra Modi