J&K के पुलवामा में आतंकी हमला: पुलिस हेड कांस्टेबल शहीद

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सोमवार देर शाम हुए आतंकी हमले में एक पुलिस हेड कांस्टेबल शहीद हो गए. न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक आतंकियों की ओर से की गई फायरिंग के दौरान एक गोली जम्मू कश्मीर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को लगी. उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. शहीद हेड कांस्टेबल का नाम आशिक हुसैन है. आतंकी हमले की यह वारदात अवंतीपोरा के पडगामपोरा इलाके में हुई. हमले के बाद सुरक्षा बल और पुलिस मिलकर पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है. पिछले एक सप्ताह में इस तरह का यह दूसरा आतंकी हमला है. बांदीपोरा में बीएसएफ जवान रमीज अहमद पैरे को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने घर में घुसकर गोली मार दी थी. उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी.
इससे पहले सोमवार को ही भारतीय थलसेना ने जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले के रामपुर सेक्टर और कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की दो कोशिशों को नाकाम कर दिया और इस दौरान पांच आतंकवादियों को मार गिराया गया.
रक्षा प्रवक्ता ने यहां बताया, ‘चौकस सैनिकों ने बारामुला जिले के रामपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर आज घुसपैठ की एक कोशिश नाकाम कर दी.’’ उन्होंने कहा कि इस दौरान दो आतंकवादियों को मार गिराया गया और उनके पास से दो राइफलें बरामद की गईं. इलाके में तलाशी अभियान जारी है.

इससे पहले, थलसेना ने कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में भी घुसपैठ की एक कोशिश नाकाम कर दी. थलसेना के एक अधिकारी ने बताया कि सैनिकों ने नियंत्रण रेखा के निकट कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी और संदिग्धों को चुनौती दी.

अधिकारी ने बताया, ‘दोनों तरफ से गोलीबारी हुई.’ इस गोलीबारी में तीन आतंकवादी मारे गए. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ की जगह से तीन राइफलें बरामद की गईं . उन्होंने कहा कि अभियान अब भी जारी है.

Comments (0)
Add Comment