(एन एल एन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाउ): 15 जून की रात इंदौर के देपालपुर में 50 साल के बाबूलाल चौधरी की खेत में लाश मिली। बाबूलाल अपने घर से खेत में काम करने के लिए निकले थे, लेकिन काफी देर हो जाने के बाद भी वो वापस घर नहीं लौटे। घरवालों को चिंता हुई कि आखिर वो इतनी देर तक कहां गए। परिवारवालों ने जाकर खेत में चेक किया तो वहां पर बाबूलाल की लाश पड़ी हुई थी। खून से लथपथ उनका शरीर खेत में था और पास ही एक पत्थर पड़ा हुआ था।
पुलिस को लाश के पास से एक माचिस और कुछ पेपर भी मिले। माना जा रहा था कि कातिल ने शव को जलाने की भी कोशिश की थी, लेकिन वो उसमें नाकाम रहा। करीब तीन दिन तक पुलिस इस केस को खंगालती रही। परिवारवालों से पूछताछ हुई। आसपड़ोस के लोगों से भी पूछा गया और फिर निकलकर आई एक हैरान करने वाली थ्योरी।
दरअसल बाबूलाल का कत्ल खुद उनके अपने बेटे ने ही कर दिया था। पुलिस को पूछताछ में उसपर शक हो गया। बाबूलाल का बेटा सोहन अपने पिता के साथ ही खेत में काम करता था। उसे नशे की भी आदत थी। उसकी पैसों को लेकर अक्सर अपने पिता से लड़ाई झगड़ा होता था। पिता उसको नशे की आदत की वजह से ज्यादा पैसे देने से बचते थे।