करवा चौथ व्रत आज:शुभ मुहूर्त और चांद के दर्शन का समय जानें

(न्यूज़लाइवनाउ-India) आज देशभर में सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु की कामना के साथ करवा चौथ का पावन व्रत रख रही हैं। पूरे दिन निर्जला व्रत करने के बाद अब सभी महिलाओं की निगाहें आसमान की ओर टिकी हैं, क्योंकि यह व्रत चंद्र दर्शन और अर्घ्य देने के बाद ही पूर्ण होता है।

अक्सर बादलों के चलते चांद देखने में देर होती है, लेकिन इस बार मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में आज चांद तय समय पर दिखाई देगा। आइए जानें कहां और कितने बजे होगा चांद का दर्शन।

करवाचौथ के दिन मौसम का हाल

मानसून की विदाई के साथ ही अब मौसम में बदलाव नजर आने लगा है। उत्तर भारत में हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में भी आज का दिन पूरी तरह शुष्क रहेगा। लखनऊ मौसम केंद्र ने राज्य के सभी जिलों को ग्रीन ज़ोन में रखा है, यानी किसी भी जगह वर्षा की संभावना नहीं है। अगले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पूरी तरह लौटने की स्थिति अनुकूल मानी जा रही है। प्रदेश में पिछले कई दिनों से शुष्क और गर्म मौसम बना हुआ है, जो आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।


मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज और अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा।
11 और 12 अक्टूबर को भी धूप तेज रहेगी, जिससे कुछ इलाकों में दिन में गर्मी महसूस हो सकती है।
13 से 15 अक्टूबर तक भी प्रदेश में बारिश या तेज हवाओं की संभावना नहीं है।


बिहार: राज्य के किसी भी जिले में वर्षा का अलर्ट नहीं है। तापमान में धीरे-धीरे गिरावट हो रही है, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है।
झारखंड: मौसम विभाग ने यहां भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 19°C तक रहने की उम्मीद है।


ओडिशा: यहां 10 से 12 अक्टूबर के बीच कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

करवा चौथ पर चांद निकलने का समय (10 अक्टूबर)
शहर चांद निकलने का समय


नई दिल्ली 08:14 PM
नोएडा 08:13 PM
चंडीगढ़ 08:10 PM
लखनऊ 08:03 PM
कानपुर 08:07 PM
अयोध्या 07:58 PM
वाराणसी 07:59 PM
गोरखपुर 07:53 PM
पटना 07:49 PM
रांची 07:54 PM
कोलकाता 08:12 PM
बेंगलुरु 08:50 PM
मुंबई 08:56 PM


आज का दिन हर सुहागिन के लिए बेहद खास है। दिनभर तपस्या और सच्ची श्रद्धा से किया गया यह व्रत वैवाहिक जीवन में सुख, सौभाग्य और प्रेम को बढ़ाने वाला माना जाता है।

FastingKarwa chauthWeather Today