रूस में जबरदस्त भूकंप, धरती 7 से ज्यादा तीव्रता से हिली; सुनामी अलर्ट जारी

(न्यूज़लाइवनाउ-Russia)रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तटीय इलाके में शनिवार को भूकंप के जोरदार झटके दर्ज किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7 से अधिक आंकी गई। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में 20 जुलाई 2025 को लगातार पांच बड़े भूकंप आए थे, जिनमें से सबसे शक्तिशाली की तीव्रता 7.4 थी।

शनिवार सुबह 8 बजकर 7 मिनट पर आया झटका

भारत के नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि यह भूकंप सुबह आठ बजकर सात मिनट पर महसूस किया गया। इसकी तीव्रता 7.1 मापी गई और इसका केंद्र समुद्र तल से लगभग 60 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इसके तुरंत बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई।

जर्मनी के भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र (GFZ) ने भूकंप की गहराई केवल 10 किलोमीटर बताई, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी तीव्रता 7.4 और केंद्र की गहराई करीब 39.5 किलोमीटर बताई। वहीं जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने स्पष्ट किया कि कामचटका के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में किसी तरह का सुनामी अलर्ट नहीं दिया गया है।

यूएसजीएस का विवरण

यूएसजीएस की जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से लगभग 112 किलोमीटर पूर्व में और करीब 39 किलोमीटर की गहराई पर था।

प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने आशंका जताई है कि इस भूकंप से सुनामी उत्पन्न हो सकती है। हालांकि, अब तक किसी तरह की जनहानि या संपत्ति को नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि जुलाई में इसी इलाके में 8.8 तीव्रता का प्रचंड भूकंप आया था, जिसके बाद पूरे प्रशांत महासागर क्षेत्र में सुनामी की चेतावनी दी गई थी।

earthquakerussiaweather update