(न्यूज़लाइवनाउ-Pakistan) क्वेटा में हुए धमाके का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नजर आ रहा है कि एक व्यस्त सड़क पर अचानक जोरदार विस्फोट हुआ और वहां मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में जोरदार धमाका हुआ है। इस घटना में छह लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। बलूचिस्तान के स्वास्थ्य सचिव ने पुष्टि की है कि धमाके के बाद शहर के सभी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ को तुरंत ड्यूटी पर हाजिर रहने के आदेश जारी किए गए हैं।
धमाके में 6 लोगों की जान गई
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विस्फोट क्वेटा की जरगून रोड के पास हुआ। हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत और पंद्रह से ज्यादा लोगों के जख्मी होने की सूचना है। घायलों को सिविल हॉस्पिटल सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
धमाके का वीडियो भी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि अचानक सड़क पर तेज धमाका हुआ और वहां मौजूद लोग उसकी लपेट में आ गए। मीडिया सूत्रों के अनुसार, यह एक आत्मघाती हमला बताया जा रहा है।गौर करने वाली बात है कि इससे पहले 4 सितंबर को भी क्वेटा में एक राजनीतिक जनसभा के दौरान बम धमाका हुआ था, जिसमें 15 लोग मारे गए थे और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।