(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : मी टू कैम्पेन के तहत केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर अब तक 9 महिलाएं आरोप लगा चुकी हैं। न्यूज एजेंसी को सूत्रों ने बताया कि उन पर मोदी सरकार जल्द बड़ा फैसला ले सकती है। उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देने और पार्टी के लिए काम करने को कहा जा सकता है। अकबर फिलहाल नाईजीरिया की यात्रा पर हैं। उधर, मीटू कैम्पेन की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने गुरुवार को अभिनेता नाना पाटेकर, कोरियोग्राफर गणेश आचार्य, फिल्म डायरेक्टर राकेश सारंग और प्रोड्यूसर समी सिद्दीकी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। तनुश्री का आरोप है कि नाना पाटेकर ने उन्हें गलत तरीके से छुआ था।मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि सरकार ने अकबर से नाईजीरिया दौरा बीचकर में छोड़कर देश लौटने को कहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले को लेकर गंभीर हैं। भाजपा के नेताओं का भी कहना है कि महिलाओं से जुड़े मामलों पर पार्टी की छवि हमेशा अच्छी रही है और पार्टी इस अच्छी छवि को बनाए रखना चाहती है। अकबर के बारे में एक मैगजीन की कार्यकारी संपादक ने 1997 के एक वाकये का जिक्र करते हुए एक ब्लॉग में लिखा था- एशियन एज में एक बार मैं उनके कहने पर एक शब्द तलाशने के लिए डिक्शनरी में झुकी तो वे पीछे से आए और मुझे कमर से पकड़ लिया। वे मेरे अंगों पर हाथ फेरते रहे। मैं हाथ हटाने की कोशिश करती रही। एशियन एज और अन्य अखबारों की महिला पत्रकारों ने भी अकबर पर ऐसे ही आरोप लगाए हैं।तनुश्री का आरोप है कि 2008 में जब वे ‘हॉर्न ओके प्लीज’ के एक गाने की शूटिंग कर रही थीं, तब नाना पाटेकर ने उन्हें गलत तरीके से छुआ। एफआईआर में नामजद किए गए बाकी लोगों ने इसकी अनदेखी की। एक गाने में जानबूझकर तनुश्री के साथ नाना को शामिल किया गया, जबकि पहले वे इसका हिस्सा नहीं थे।मुंबई के एडिशनल पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पाटेकर और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (शील भंग करने के इरादे से महिला पर हमला) और धारा 509 (महिला का अपमान करने के मकसद से शब्द बोलना या इशारे करना) के तहत केस दर्ज किया गया है। अब जांच शुरू होगी। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।